पोषण माह : आंगनबाड़ी केंद्रों पर मनाया गया गोदभराई उत्सव 

 
 
- कुपोषण मुक्त समाज को लेकर उचित पोषण की दी गई जानकारी 
- सुरक्षित और सामान्य प्रसव के लिए संस्थागत प्रसव को प्राथमिकता देने पर बल 
 
खगड़िया-
 
जिले में पोषण माह के तहत संचालित पोषण पखवाड़ा को सफल बनाने के लिए स्थानीय आईसीडीएस विभाग द्वारा लगातार तमाम कार्यक्रमों का आयोजन किया जा रहा है। मिशन, हर हाल में पोषण माह सफल बनाने का और समाज के प्रत्येक व्यक्ति तक पोषण का संदेश पहुँचाने का। दरअसल, समाज के प्रत्येक व्यक्ति की जागरूकता से ही पोषण माह सफल होगा और सामुदायिक स्तर पर लोग जागरूक होंगे। इसी कड़ी में बुधवार को जिले के विभिन्न प्रखंडों में संचालित आंगनबाड़ी  केंद्रों पर गोदभराई उत्सव समेत विभिन्न प्रकार के कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। जिसके तहत कुपोषण मुक्त समाज निर्माण को लेकर उचित पोषण, सुरक्षित और सामान्य प्रसव को लेकर संस्थागत प्रसव को प्राथमिकता देने समेत अन्य जरूरी बातों पर विशेष बल देते हुए सामुदायिक स्तर पर लोगों को जागरूक किया गया। इस दौरान आईसीडीएस के तमाम पदाधिकारी, कर्मी समेत आंगनबाड़ी  सेविका-सहायिका ने पोषण माह को सफल बनाने एवं इस संदेश को समाज के प्रत्येक व्यक्ति तक पहुँचाने की शपथ ली। ताकि हर हाल में सफलतापूर्वक पोषण माह का समापन हो सके और सामुदायिक स्तर पर लोगों को उचित पोषण की जानकारी मिल सके। 
 
- गोदभराई उत्सव के दौरान उचित पोषण की दी गई जानकारी : 
आईसीडीएस की जिला कार्यक्रम पदाधिकारी सुनीता कुमारी ने बताया, पोषण माह को हर हाल में सफल बनाने एवं पोषण के महत्व और उद्देश्य को प्रत्येक व्यक्ति पहुँचाने के लिए जिले में  पोषण माह के तहत विभिन्न प्रकार के कार्यक्रमों का आयोजन किया जा रहा है। जिसके माध्यम से जहाँ लोगों को उचित पोषण की जानकारी दी जा रही वहीं, उचित पोषण के महत्व और उद्देश्य को भी बताया जा रहा है। ताकि सामाजिक स्तर पर लोग सरकार की  इस पहल को समझ सकें  और इसे बढ़ावा देने के लिए आगे आ सकें । 
 
- गाँव-गाँव पहुँचाया जाएगा पोषण का संदेश और घर-घर जाकर लोगों को किया जाएगा जागरूक : 
आईसीडीएस के जिला समन्वयक अंबुज कुमार ने बताया, पोषण माह की सफलता को लेकर गाँव-गाँव पोषण का संदेश पहुँचाया जाएगा और घर-घर जाकर लोगों को जागरूक किया  जाएगा। इस दौरान लोगों को उचित पोषण की विस्तृत जानकारी और कुपोषण मुक्त समाज निर्माण को लेकर पोषण के महत्व और उद्देश्य की भी जानकारी दी जाएगी। वहीं, उन्होंने बताया, पोषण माह के तहत बुधवार को जिले के सभी आंगनबाड़ी  केंद्रों पर गोदभराई उत्सव का आयोजन किया गया। मंगल गीतों से कार्यक्रम का शुभारंभ किया गया और गर्भवती महिला को उपहार स्वरूप पोषण की पोटली दी गई है। जिसमें गुड़, चना, हरी पत्तेदार सब्जियां, आयरन की गोली, पोषाहार व फल आदि शामिल थे।  गर्भवती महिलाओं को चुनरी ओढ़ाकर और टीका लगाकर गोदभराई की रस्म पूरी की गई। वहीं, सभी महिलाओं को अच्छी  सेहत के लिए पोषण की आवश्यकता व महत्व के बारे में जानकारी दी गई। 
 
- एनीमिया प्रबंधन की दी गई जानकारी : 
पिरामल फाउंडेशन के डीपीएल प्रफुल्ल झा ने बताया, इस दौरान यह भी जानकारी दी गई कि गर्भवती माता, किशोरियां व बच्चों में एनीमिया की रोकथाम जरूरी है। गर्भवती महिला को 180 दिन तक आयरन की एक लाल गोली जरूर खानी चाहिए। 10 वर्ष से 19 साल की किशोरियों को भी प्रति सप्ताह आयरन की एक नीली गोली का  सेवन करना  चाहिए। छह माह से पांच साल तक के बच्चों को सप्ताह में दो बार एक-एक मिलीलीटर आयरन सिरप  देनी चाहिए।

रिपोर्टर

  • Dr. Rajesh Kumar
    Dr. Rajesh Kumar

    The Reporter specializes in covering a news beat, produces daily news for Aaple Rajya News

    Dr. Rajesh Kumar

संबंधित पोस्ट